
गाजीपुर। कासिमाबाद तहसील क्षेत्र के पृथ्वीपुर गांव के पास गुरुवार की शाम करीब आठ बजे संदिग्ध परिस्थितियों में बाइक सवार दो युवकों को ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों को पेड़ से बांध दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि संवाद न्यूज़ एजेंसी नहीं करती है।

वायरल वीडियो और स्थानीय चर्चाओं के अनुसार, पकड़े गए युवकों के पास एक तमंचा तथा बैग में आभूषण होने की बात कही जा रही है। यह भी दावा किया जा रहा है कि दोनों युवक छिनौती की घटना को अंजाम देकर भाग रहे थे। हालांकि इन तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
बताया जा रहा है कि चवरा गांव निवासी राजन नामक व्यक्ति वाराणसी से दवा इलाज कराकर लौट रहे थे। जब वे बेद बिहारी पोखरा के रास्ते घर जा रहे थे, तभी बाइक सवार दो संदिग्धों ने उनका बैग छीन लिया और फरार होने लगे। पीड़ित व्यक्ति ने तत्काल पृथ्वीपुर में अपने रिश्तेदारों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाते हुए पृथ्वीपुर के पास घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
ग्रामीणों का कहना है कि युवकों के पास अवैध असलहा होने के बावजूद उन्होंने साहस दिखाते हुए उन्हें दौड़ाकर पकड़ा और पेड़ से बांध दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को पेड़ से मुक्त कर पूछताछ शुरू की।
पुलिस पूछताछ में दोनों युवकों ने अपना नाम अमित गुप्ता और अजय मौर्य बताया है। इस संबंध में कासिमाबाद क्षेत्राधिकारी अनुभव राजर्षि ने बताया कि यह घटना मरदह थाना क्षेत्र की है और पुलिस मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
संवाद : वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज, गाजीपुर

