
लोटन क्षेत्र में गांजा तस्करी का खुलासा
सिद्धार्थनगर में नेपाल से लाई जा रही थी खेप, एक आरोपी गिरफ्तार
महाराजगंज जिले के लोटन थाना क्षेत्र में शनिवार को गांजा तस्करी का एक मामला सामने आया। पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया। उसके पास से 1 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

शनिवार को लोटन थाना पुलिस और एसएसबी की टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति सिकरी की ओर से भरमी की तरफमोटरसाइकिल से आ रहा है और उसकी बाइक की डिग्गी में गांजा रखा हुआ है।
सूचना मिलते ही टीम ने पचमा पुलिस चौकी के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद बताई गई दिशा से एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। टीम ने जब उसे रोकने का इशारा किया, तो बाइक सवार घबरा गया और पीछे मुड़कर भागने की कोशिश करने लगा। हालांकि, टीम ने तुरंत घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल की डिग्गी से 1 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पकड़े गए युवक की पहचान होरीलाल पुत्र गिरीश चंद्र, निवासी सिसहनिया, थाना बृजमनगंज, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है। उसके पास से गांजे के साथ एक मोटरसाइकिल (संख्या UP56 AH 8931) भी बरामद की गई।
पूछताछ में युवक ने बताया कि वह नेपाल से गांजा खरीदकर लाता था और फिर आसपास के गांवों में घूम-घूमकर बेचता था। इसी से मिलने वाली आमदनी से वह अपने और अपने परिवार का खर्च चलाता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह कितने समय से इस धंधे में लगा था और इस तस्करी में कोई अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं। बरामदगी के आधार पर आरोपी होरीलाल के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।

















