

दिल्ली गणतंत्र दिवस परेड में विशिष्ट अतिथि बने आर.के. एजुकेशनल ट्रस्ट (भभुआ) के अध्यक्ष इंजीनियर विकास कुमार विश्वकर्मा
कैमूर जिले के लिए गौरव का क्षण, सामाजिक सेवा के क्षेत्र में बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड
कैमुर भभुआ।
बिहार के कैमूर जिले के लिए यह अत्यंत गर्व और सम्मान की बात है कि जिले के भभुआ नगर वार्ड संख्या 23 के निवासी एवं आर.के. एजुकेशनल ट्रस्ट (भभुआ) के अध्यक्ष इंजीनियर विकास कुमार विश्वकर्मा का चयन 26 जनवरी 2026 को दिल्ली में आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस परेड में विशिष्ट अतिथि के रूप में किया गया है।
कैमूर जिले से किसी सामाजिक कार्यकर्ता का इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय आयोजन में चयन होना पूरे जिले के लिए सम्मान और प्रेरणा का विषय है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भभुआ वार्ड संख्या 23 निवासी रामबाबू विश्वकर्मा के पुत्र इंजीनियर विकास कुमार विश्वकर्मा अपने क्षेत्र के एकलौते ऐसे युवक हैं, जिन्होंने सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर अलग पहचान बनाई है। उन्होंने अपनी पढ़ाई के साथ-साथ हजारों गरीब, असहाय एवं अनाथ परिवारों को सहारा देने का कार्य किया है। शिक्षा, प्रतिभा प्रोत्साहन और सामाजिक उत्थान के लिए उनके निरंतर प्रयासों के कारण उन्हें अब तक दो बार अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।
इंजीनियर विकास विश्वकर्मा हर माह अपने ट्रस्ट के सदस्यों के साथ क्षेत्र के विभिन्न गांवों में प्रतिभा खोज परीक्षा का आयोजन कराते हैं। इन परीक्षाओं में सफल बच्चों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया जाता है, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के मेधावी बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। उनके इस प्रयास से न केवल बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ी है, बल्कि अभिभावकों में भी जागरूकता आई है।
गणतंत्र दिवस परेड में विशिष्ट अतिथि के रूप में चयन की सूचना मिलते ही भभुआ सहित आसपास के गांवों में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने इसे कैमूर जिले की उपलब्धि बताते हुए इंजीनियर विकास कुमार विश्वकर्मा को बधाई दी है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि उनकी यह उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और इससे साबित होता है कि सच्ची लगन और सेवा भावना से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है।
इंजीनियर विकास कुमार विश्वकर्मा ने इस सम्मान के लिए सभी सहयोगियों और क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे कैमूर जिले और भभुआ के लोगों का है, जो उन्हें निरंतर सामाजिक कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा।
( कैमूर से अफसार आलम की रीपोर्ट)




