
महुली/दुद्धी सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_
विंढमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत जोरुखाड़ में मंगलवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। 21 वर्षीय युवक कमलेश कुमार भारती पुत्र राजा राम ने अपने ही घर की बडेर में मोफलर व कपड़े के टुकड़ों को जोड़कर फांसी लगा ली। बुधवार सुबह उसका शव फंदे से लटका मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात कमलेश ने घर पर ही परिवार के साथ भोजन किया और इसके बाद अपने कमरे में सोने चला गया। बुधवार सुबह जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजनों को चिंता हुई। दरवाजा खटखटाने पर भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा तो कमलेश फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया।
यह दृश्य देखते ही परिजनों के होश उड़ गए। आनन-फानन में दरवाजा तोड़कर घरवाले अंदर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
बताया जाता है कि कमलेश छह बहनों के बीच परिवार का इकलौता भाई था और अभी अविवाहित था। इकलौते बेटे की असामयिक मौत से माता-पिता व बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस घटना को लेकर गहरा शोक व्याप्त है।
सूचना मिलने पर विंढमगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया।
थाना प्रभारी शिव कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही।






