A2Z सभी खबर सभी जिले की

ऑडियो में गाली-गलौज से मचा बवाल: नरपाखेड़ी स्कूल के शिक्षक पर FIR, शिक्षा विभाग की साख पर सवाल

ऑडियो में गाली-गलौज से मचा बवाल: नरपाखेड़ी स्कूल के शिक्षक पर FIR, शिक्षा विभाग की साख पर सवाल

आष्टा/सीहोर। सूत्रों के अनुसार नरपखेड़ी के शासकीय स्कूल में पदस्थ एक शिक्षक द्वारा कथित रूप से गाली-गलौज और अभद्र भाषा के इस्तेमाल का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। बताया जा रहा है कि वायरल ऑडियो में जिस प्रकार की आपत्तिजनक और अशोभनीय भाषा सुनाई दे रही है, उसने पूरे मामले को गंभीर बना दिया है, जिसके बाद संबंधित शिक्षक के खिलाफ FIR दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो गया है कि जिस व्यक्ति पर बच्चों को संस्कार और शिक्षा देने की जिम्मेदारी हो, क्या उसके मुख से इस तरह की गंदी और अपमानजनक भाषा शोभा देती है? वायरल ऑडियो ने न केवल विद्यालय की छवि को धूमिल किया है, बल्कि पूरे सीहोर जिले के शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

सूत्रों की मानें तो ऑडियो सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि अगर ऑडियो की सत्यता की पुष्टि होती है, तो यह आचरण एक शिक्षक के पद की गरिमा के विपरीत है और कड़ी कार्रवाई होना आवश्यक है।

हालांकि पुलिस द्वारा FIR दर्ज कर प्रारंभिक कार्रवाई किए जाने की बात सामने आई है, लेकिन अब निगाहें शिक्षा विभाग पर टिक गई हैं कि वह इस मामले में क्या विभागीय कदम उठाता है। क्या संबंधित शिक्षक के खिलाफ निलंबन या अनुशासनात्मक जांच होगी, या मामला केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित रह जाएगा—यह आने वाला समय बताएगा।

फिलहाल यह प्रकरण प्रशासन और शिक्षा विभाग दोनों के लिए परीक्षा की घड़ी बन गया है, क्योंकि एक शिक्षक के कथित अभद्र व्यवहार से पूरे तंत्र की साख पर प्रश्नचिह्न लग गया है।

Back to top button
error: Content is protected !!