A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेजोधपुर राजस्थान

जिला कलक्टर ने पीएचईडी कार्यालय का किया औचक निरीक्षण

- नियंत्रण कक्ष की व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने तथा शिकायतों के त्वरित समाधान के दिए निर्देश

 

WhatsApp Image 2026 04 29 at 15.22.04– पीएचईडी के कंट्रोल रूम से स्वयं नागरिकों से किया संवाद, लिया फीडबैक

– 24 घंटे पर्याप्त स्टाफ तैनाती, गूगल शीट आधारित मॉनिटरिंग एवं व्हाट्सएप नंबर जारी करने के निर्देश

जोधपुर, 29 अप्रैल। जिला कलक्टर आलोक रंजन ने आज जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एसई (सिटी) कार्यालय का औचक निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आमजन से जुड़ी पेयजल समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने कार्यालय के अटेंडेंस रजिस्टर, संपर्क पोर्टल से संबंधित कार्य, कंप्लेन रजिस्टर तथा कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कंट्रोल रूम में प्राप्त शिकायतों की जांच करते हुए वहां अपनाई जा रही प्रक्रिया को और अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

कंट्रोल रूम में आमजन की समस्याएं सुनी, दिए त्वरित समाधान के निर्देश
श्री आलोक रंजन ने कंट्रोल रूम में स्वयं उपस्थित रहकर आमजन को कॉल कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

24 घंटे पर्याप्त स्टाफ तैनाती एवं मॉनिटरिंग व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश
श्री रंजन ने कंट्रोल रूम में 24 घंटे पर्याप्त स्टाफ की ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी समय आने वाली शिकायतों का तत्काल संज्ञान लेकर समाधान किया जा सके। उन्होंने अधीक्षण अभियंता सिटी श्री राजेंद्र मेहता को कंट्रोल रूम में अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती करने के निर्देश दिए।

पुरानी शिकायतों की भी ली समीक्षा, कॉल कर ली स्थिति की जानकारी
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने पूर्व में दर्ज शिकायतों के परिवादियों से स्वयं दूरभाष पर संपर्क कर उनकी समस्याओं के समाधान की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने सभी शिकायतों की वर्तमान स्थिति का व्यक्तिगत रूप से फॉलोअप करने के निर्देश दिए, ताकि लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण हो सके।

डिजिटल मॉनिटरिंग के लिए गूगल शीट पर डेटा संधारण के निर्देश
श्री रंजन ने कंप्लेन रजिस्टर में दर्ज सभी शिकायतों के डेटा को गूगल शीट पर संधारित करने के निर्देश दिए, जिससे रियल टाइम मॉनिटरिंग एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।

फील्ड मॉनिटरिंग को सुदृढ़ करने के निर्देश
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि सभी फील्ड अधिकारी फील्ड में जाने से पूर्व अनिवार्य रूप से मूवमेंट रजिस्टर में अपनी प्रविष्टि दर्ज करें, जिससे कार्यों की पारदर्शी मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने सभी अतिरिक्त जिला कलक्टर, उपखण्ड अधिकारियों सहित समस्त प्रशासनिक अधिकारियों को प्रतिदिन फील्ड में जाकर पेयजल से संबंधित समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने तथा दैनिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

गंदे पानी एवं जलापूर्ति बाधित क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि जहां गंदा पानी आ रहा है अथवा जहां जलापूर्ति पूर्णतः बाधित है, वहां प्राथमिकता से समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाए।

अनुपस्थित कर्मचारियों को जारी होंगे कारण बताओ नोटिस
निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही रजिस्ट्रेशन शाखा सहित अन्य शाखाओं के कार्यों की भी समीक्षा की गई।

एसई (ग्रामीण) कंट्रोल रूम का भी किया निरीक्षण
श्री रंजन ने एसई (ग्रामीण) के कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया तथा वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत पर मौके पर कौन गया, किस अधिकारी/कर्मचारी ने प्रार्थी से संपर्क किया तथा शिकायत का समाधान किस प्रकार किया गया—इसकी स्पष्ट जानकारी संधारित की जाए।

उन्होंने प्रार्थियों से स्वयं बातचीत कर उनकी संतुष्टि के बारे में जानकारी ली तथा निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण के बाद फीडबैक लेना अनिवार्य किया जाए।

व्हाट्सएप नंबर जारी कर व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश
श्री रंजन ने शिकायतों के त्वरित पंजीकरण एवं समाधान के लिए एक समर्पित व्हाट्सएप नंबर जारी करने तथा उसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

संपर्क पोर्टल के रिलीफ प्रकरणों का सत्यापन एवं जल संरक्षण पर जोर
उन्होंने संपर्क पोर्टल के रिलीफ प्रकरणों का सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा पेयजल के दुरुपयोग को रोकने एवं जल संरक्षण के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा।

जिला कलक्टर ने समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराएं तथा शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

Back to top button
error: Content is protected !!