
नरवाना में जनगणना 2027 का पहला चरण शुरू, एसडीएम जगदीश चंद्र की मौजूदगी में मकान सूचीकरण कार्य का शुभारंभ

नरवाना, — एसडीएम जगदीश चंद्र की मौजूदगी में नरवाना में जनगणना 2027 के प्रथम चरण की विधिवत शुरुआत की गई। इस दौरान नया बस स्टैंड सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रगणकों द्वारा मकान सूचीकरण एवं गणना प्रक्रिया शुरू की गई।
एसडीएम जगदीश चंद्र ने जानकारी देते हुए बताया कि पहले चरण में हाउस लिस्टिंग का कार्य किया जाएगा, जो 30 मई तक चलेगा। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पूरा करने के लिए संबंधित कर्मियों को पहले ही प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि जनगणना एवं मकान सूचीकरण प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग दें, ताकि सही और सटीक जानकारी एकत्रित की जा सके। उन्होंने बताया कि यह चरण आगामी जनसंख्या गणना का आधार तैयार करेगा।
इस प्रक्रिया के तहत परिवार के मुखिया को अपने आवासीय व गैर-आवासीय मकानों की जानकारी, परिवार के सदस्यों की संख्या, पेयजल स्रोत, बिजली, शौचालय, स्नानघर, रसोई जैसी सुविधाओं का विवरण देना होगा। इसके अलावा रेडियो, टीवी, इंटरनेट, मोबाइल, कंप्यूटर और वाहनों से संबंधित जानकारी भी दर्ज की जाएगी।
इस अवसर पर नगर परिषद के सचिव संदीप कुमार, टेक्निकल एक्सपर्ट मनोज कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।












