

पंचायत आम चुनाव 2026: प्रपत्र-1 का प्रकाशन, 9 जून को होगा गजट नोटिफिकेशन
चैनपुर (कैमूर), 4 मई 2026
कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड में पंचायत आम चुनाव 2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस क्रम में सोमवार को प्रखंड कार्यालय परिसर में प्रपत्र-1 का आधिकारिक प्रकाशन कर दिया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) शुभम प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि चुनाव प्रक्रिया के तहत वार्ड सदस्य, पंच, मुखिया, ग्राम कचहरी सरपंच, जिला परिषद सदस्य (दो पद) तथा पंचायत समिति सदस्य के लिए प्रपत्र-1 जारी किया गया है।
बीडीओ ने बताया कि यह प्रपत्र न केवल प्रखंड कार्यालय में बल्कि सभी पंचायत मुख्यालयों पर भी प्रकाशित कर दिया गया है, ताकि आम नागरिक, संभावित प्रत्याशी एवं संबंधित पक्ष इसे आसानी से देख सकें और आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चुनावी प्रक्रिया के प्रत्येक चरण को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है।
शुभम प्रकाश ने आगे बताया कि प्रपत्र-1 का गजट प्रकाशन आगामी 9 जून 2026 को किया जाएगा। इसके बाद चुनावी प्रक्रिया के अगले चरणों की औपचारिक शुरुआत होगी, जिसमें नामांकन, जांच, नाम वापसी और मतदान की तिथियों की घोषणा भी शामिल होगी।
प्रखंड प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को निर्देशित किया है कि वे चुनाव से जुड़ी तैयारियों को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करें। साथ ही आम जनता से भी अपील की गई है कि वे चुनाव प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में सहयोग करें।
स्थानीय स्तर पर प्रपत्र-1 के प्रकाशन के साथ ही संभावित उम्मीदवारों में हलचल तेज हो गई है और पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी भी बढ़ने लगी है।
( कैमुर से अफसार आलम )








