
टीएसपीसी का सब-जोनल कमांडर विरम राम उर्फ विक्रम जी उर्फ अरविंद जी गिरफ्तार, हथियार बरामद।।
रिपोर्टर/राशीद अंसारी
खलारी। बुढ़मू थाना क्षेत्र में ईंट भट्ठा पर हुई फायरिंग सहित कई उग्रवादी घटनाओं में वांछित प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी का सब-जोनल कमांडर विरम राम उर्फ विक्रम जी उर्फ अरविंद जी (उम्र लगभग 42 वर्ष) को पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी 03 मई को लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत धोबी टोला में की गई।
सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक, राँची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व में तथा पुलिस उपाधीक्षक, खलारी के पर्यवेक्षण में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। स्थानीय पुलिस के सहयोग से की गई घेराबंदी के दौरान आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कई उग्रवादी घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है, जिसमें बुढ़मू थाना क्षेत्र की फायरिंग घटना भी शामिल है। उसकी निशानदेही पर बुढ़मू थाना क्षेत्र के छापर गांव स्थित एक अर्धनिर्मित मकान से एक 9 एमएम पिस्टल, एक मैग्जीन, 07 जिंदा कारतूस, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा दो राउटर बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले लगभग 15 वर्षों से टीएसपीसी संगठन से जुड़ा हुआ था और राँची व आसपास के कई थाना क्षेत्रों—जैसे बुढ़मू, ठाकुरगाँव, पतरातू, खलारी, कांके, केरेडारी, पिपरवार, पिठौरिया, मैक्लुस्कीगंज एवं रातू—में सक्रिय रहा है। वह जमीन कारोबारियों, ठेकेदारों, ईंट भट्ठा मालिकों, कोयला एवं क्रशर व्यवसायियों को धमकी देकर रंगदारी वसूली करता था तथा विरोध करने पर फायरिंग व आगजनी जैसी घटनाओं को अंजाम देता था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी पर विभिन्न थानों में दर्ज लगभग दो दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक मामले हैं, जिनमें रंगदारी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट एवं सीएलए एक्ट जैसे मामले शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि उसके अन्य सहयोगियों की पहचान कर ली गई है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। साथ ही, उसे सहयोग देने वाले असामाजिक तत्वों पर भी विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में पुलिस उपाधीक्षक खलारी, माण्डर अंचल पुलिस, बुढ़मू एवं ठाकुरगाँव थाना पुलिस सहित तकनीकी शाखा के कर्मी शामिल रहे।










