
सागर। वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी,8225072664* कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने जिले में चल रहे उपार्जन कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं सुचारू संचालन हेतु कृषि मंडी शाहगढ़ उपार्जन केन्द्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपार्जन केन्द्र पर चल रही खरीदी प्रक्रिया, उपलब्ध संसाधनों, बारदानों की पर्याप्तता, तौल व्यवस्था तथा अनाज के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस अवसर पर एसडीएम नवीन सिंह ठाकुर सहित अन्य अधिकारी और किसान भाई मौजूद थे। कलेक्टर ने उपार्जन केन्द्र पर किसानों की सुविधा हेतु पर्याप्त संख्या में तौल कांटे उपलब्ध कराने तथा सभी कांटों पर निरंतर तुलाई कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तुलाई प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि तुलाई के उपरांत प्रत्येक बोरी पर लगने वाली पर्ची में किसान कोड अनिवार्य रूप से अंकित किया जाए, ताकि उपज की पहचान एवं ट्रैकिंग प्रणाली पूरी तरह पारदर्शी एवं व्यवस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उपार्जन केन्द्र पर पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों की सुविधा के लिए पर्याप्त मात्रा में बारदाने, सिलाई मशीन, कंप्यूटर, इंटरनेट कनेक्टिविटी एवं प्रशिक्षित स्टाफ की उपलब्धता हमेशा सुनिश्चित रहे। कलेक्टर ने आगामी मौसम में संभावित वर्षा को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपार्जन केन्द्र पर लाई गई उपज को तिरपाल से ढककर सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था की जाए, ताकि अनाज को किसी प्रकार की क्षति न हो। उन्होंने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि भंडारण स्थल पर जल निकासी एवं सुरक्षा व्यवस्था की समुचित व्यवस्था रखे। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कहा कि उपार्जन केन्द्रों पर किसानों की सुविधा सर्वाेच्च प्राथमिकता रहेगी तथा सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने अधिकारियों को सतत मॉनिटरिंग करते हुए व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए, ताकि उपार्जन कार्य सुचारू एवं पारदर्शी रूप से संचालित हो सके।






