महराजगंज में शॉर्ट सर्किट से कपड़े की दुकान में लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख
कोल्हुई थाना क्षेत्र के मुख्य कस्बे में शॉर्ट सर्किट से कपड़े की दुकान में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा- तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड की टीम की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
जानकारी के अनुसार बड़गो निवासी गुलाम नबी कपड़े की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। अचानक दुकान में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई और देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक दुकान में रखा कपड़ा व अन्य सामान पूरी तरह जल चुका था।
पीड़ित दुकानदार गुलामनबी ने बताया कि दुकान ही उनके परिवार की आजीविका का एकमात्र सहारा थी। आग लगने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने जिला प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।