
समीर वानखेड़े ब्यूरो चीफ:
अखिल भारतीय औषधि विक्रेता संगठन (AIOCD) द्वारा 20 मई 2026, बुधवार को बुलाए गए “ऑल इंडिया केमिस्ट्स बंद” के समर्थन में बल्लारपुर तालुका केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट असोसिएशन ने सोमवार को प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। असोसिएशन के पदाधिकारियों ने माननीय तहसीलदार, माननीय पुलिस निरीक्षक और माननीय एस. डी. ओ. से मुलाकात कर बंद की जानकारी दी और शांतिपूर्ण तरीके से बंद को सफल बनाने का आश्वासन दिया।
क्या है पूरा मामला
AIOCD ने ऑनलाइन दवा बिक्री, कॉरपोरेट्स के अव्यवसायिक डिस्काउंट और नकली दवाओं के खिलाफ 20 मई को देशव्यापी बंद का आह्वान किया है। संगठन की मांग है कि GSR 817 दिनांक 28.08.2018 और कोविड काल के GSR 220 दिनांक 26.03.2020 को तत्काल वापस लिया जाए। इन्हीं मांगों के समर्थन में बल्लारपुर तालुका इकाई ने आज प्रशासन को पूर्व सूचना दी है।
ज्ञापन देते समय ये पदाधिकारी रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपते समय बल्लारपुर तालुका केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट असोसिएशन के अध्यक्ष निशिकांत खैरे, सचिव ब्रिजेश उके, स्वीकृत सदस्य प्रतीक चौकसे, संगठन सचिव प्रशांत गोठी प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
इनके अलावा वरिष्ठ केमिस्ट कैलाश खंडेलवाल, छोटू साठे, राजेश तंडूरवार, प्रमोद मुरकुटे, सुमित चोप्रा, सुधीर पुरी, महेंद्र कांबळे, बालाजी पिसे और विकास वाघमारे भी मौजूद रहे। सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि केमिस्टों की जायज मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है, इसलिए मजबूरन बंद का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।
अध्यक्ष बोले: मरीजों से खेद, लेकिन लड़ाई जरूरी
तालुका अध्यक्ष निशिकांत खैरे ने बताया कि “हमारा मकसद किसी को परेशान करना नहीं है। ऑनलाइन बिक्री और भारी डिस्काउंट के कारण छोटे केमिस्ट बर्बाद हो रहे हैं। नकली दवाओं से मरीजों की जान को खतरा है। सरकार अगर हमारी बात नहीं सुनेगी तो 20 मई को बल्लारपुर की सभी दवा दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। आपातकालीन सेवाओं के लिए वैकल्पिक व्यवस्था पर भी चर्चा की जाएगी।”
प्रशासन ने दिया सहयोग का आश्वासन
ज्ञापन लेने के बाद तहसीलदार, पुलिस निरीक्षक और SDO कार्यालय ने असोसिएशन को कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने का सभी को अधिकार है, लेकिन बंद के दौरान आम जनता को असुविधा न हो, इसका ध्यान रखा जाए।
गौरतलब है कि AIOCD के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगन्नाथ शिंदे और सचिव राजीव सिंघल के नेतृत्व में देशभर के 12 लाख से ज्यादा केमिस्ट इस बंद में शामिल हो रहे हैं। महाराष्ट्र में MSCDA और चंद्रपुर जिले में CDCDA भी बंद को समर्थन दे रही है।













