
संवाददाता अखिलेश विश्वकर्मा ✅ गढ़वा जिले के बंशीधर नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोईंदी गांव में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई।
देखते ही देखते आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में वाहन धू-धू कर जलने लगा। घटना में ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो गया। बताया जा रहा है कि ट्रक में ब्लीचिंग पाउडर लोड था, जिसे रेणुकूट से जालेश्वर ले जाया जा रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक चालक अलीमन अंसारी की तबीयत खराब हो गई थी। चालक ने रात में ही इसकी सूचना वाहन मालिक को दी थी। मालिक ने तबीयत ठीक होने पर आगे बढ़ने और अन्यथा सुबह दूसरा चालक भेजने की बात कही थी। इसके बाद चालक ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर अपने घर चला गया।
शुक्रवार सुबह अचानक ट्रक से आग की तेज लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भयावह थी कि कोई भी ट्रक के करीब नहीं जा सका। ट्रक में लोड ब्लीचिंग पाउडर के कारण आग तेजी से फैलती चली गई।
घटना की सूचना पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरा ट्रक जलकर खाक हो चुका था। आग बुझने के बाद भी इलाके में काफी देर तक धुआं फैलता रहा और मौके पर लोगों की भीड़ जुटी रही।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है।





