
बड़वानी से हेमन्त नागझरिया की रिपोर्ट
बड़वानी/नागलवाड़ी। पुलिस और जनता के बीच आपसी विश्वास को मजबूत करने तथा ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में सुरक्षा एवं जागरूकता का वातावरण निर्मित करने के उद्देश्य से थाना नागलवाड़ी क्षेत्र के ग्राम साली टांडा में “जनसंवाद – आपकी बात, पुलिस के साथ” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जिसमें थाना क्षेत्र के 27 गांवों के सरपंच, वारती पटेल, गणमान्य नागरिक, बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री शुक्ल ने दुष्यंत कुमार की प्रसिद्ध पंक्तियां —
“ले मशालें चल पड़े हैं लोग मेरे गांव के,
अब अंधेरा जीत लेंगे लोग मेरे गांव के…”
— के माध्यम से ग्रामीणों में जागरूकता, शिक्षा और सामाजिक परिवर्तन का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्र समाज की असली शक्ति हैं। यदि गांव का युवा शिक्षित, जागरूक और नशामुक्त होगा, तो वही भविष्य में देश और समाज का नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को सुरक्षित, जागरूक और सशक्त बनाने की जिम्मेदारी भी निभाती है। बच्चों को शिक्षा से जोड़ना, युवाओं को नशे से दूर रखना तथा महिलाओं में सुरक्षा का विश्वास पैदा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने अपने संबोधन में यह भी कहा कि “आज अपने लिए पढ़ेंगे, तो कल देश का नाम रोशन करेंगे” केवल एक नारा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प है।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को बढ़ते साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति पुलिस, सीबीआई या अन्य सरकारी अधिकारी बनकर फोन पर डराने, ओटीपी मांगने या पैसों की मांग करे, तो तुरंत सतर्क हो जाएं। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना देने की अपील की गई, जिससे समय रहते राशि होल्ड कराई जा सके।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण स्थानीय जनजातीय भाषा में दिलाई गई नशामुक्ति एवं शिक्षा की शपथ रही। ग्रामीणों ने एक स्वर में “नशे से दूरी, शिक्षा है जरूरी, गांव के विकास के लिए” का संकल्प लिया।
यातायात प्रभारी रजनी भार्गव ने उपस्थित जनसमूह को यातायात नियमों, हेलमेट की अनिवार्यता एवं सड़क सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक द्वारा हेलमेट का वितरण भी किया गया।
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं अन्य स्थानीय समस्याओं से संबंधित सुझाव एवं शिकायतें भी रखीं, जिनके निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक चेतन बघेल, थाना प्रभारी नागलवाड़ी रामकुमार पाटिल, महिला थाना प्रभारी सुनीता मुजाल्दा, थाना प्रभारी आजाक बड़वानी रमेश सोलंकी, साइबर एक्सपर्ट रितेश खत्री, चौकी प्रभारी बालसमुद संजय शर्मा, चौकी प्रभारी ओझर धनेश्वर पाटिल सहित थाना नागलवाड़ी का पुलिस बल उपस्थित रहा।
इसके अतिरिक्त थाना क्षेत्र के 27 गांवों के ग्राम सरपंच, वारती पटेल, बड़ी संख्या में महिला-पुरुष एवं बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम में गायत्री परिवार से विक्रम जी जमरे (जिला समन्वयक), गजानंद डावर (मंदिर प्रमुख) एवं गायत्री परिवार के सदस्यगण भी शामिल









