

टिहरी गढ़वाल। चारधाम यात्रा के चलते खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने एक दुकान पर छापेमारी कर मिठाई के सैंपल लिए। जांच में रसगुल्ला मिलावटी पाया गया जिसके बाद उक्त दुकानदार पर अर्थदंड लगाया गया।
कुछ दिनों पूर्व खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने टिहरी गढ़वाल के घनसाली में स्थित गणेश स्वीट शॉप से कुछ मिठाइयों के सैंपल लिए थे, जिन्हे जांच के लिए लैब भेजा गया था। जांच में रसगुल्ला में स्टार्च पाया गया जो सेहत के लिए हानिकारक है। जिसके बाद न्याय निर्णायक अधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत दुकानदार पर 5 हजार का जुर्माना लगाया।
जिला प्रशासन ने जिले के सभी खाद्य कारोबारियों से खाद्य सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करने व ग्राहकों को सुरक्षित व क्वालिटी की चीजें उपलब्ध कराने की अपील की है।



