डुमरियागंज क्षेत्र की ग्राम पंचायत हल्लौर के एक गरीब परिवार के बेटे सोनी शिवा का चयन भारतीय नौसेना (इंडियन नेवी) में कैडेट के पद पर हुआ है। बेटे की इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।

19 वर्षीय सोनी शिवा ने बताया कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा प्राथमिक विद्यालय हल्लौर से हुई। इसके बाद उन्होंने कक्षा 6 से 8 तक मॉडर्न स्कूल, हल्लौर में पढ़ाई की। वर्ष 2023 में उन्होंने अमीनाबाद इंटर कॉलेज, लखनऊ से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की।
वर्तमान में वह जवाहरलाल मेमोरियल कॉलेज, सफदरगंज (बाराबंकी) में बीए द्वितीय वर्ष के छात्र हैं। पढ़ाई के साथ-साथ वह बाराबंकी में अपने मामा राम तीरथ सोनी के यहां रहकर ज्वेलरी की दुकान पर भी काम करते रहे।
सोनी शिवा ने बताया कि नवंबर 2025 में उन्होंने मर्चेंट नेवी की तैयारी के लिए मरीन स्टडी सेंटर (MSC) में कोचिंग ली और बाद में अन्य संस्थान से भी प्रशिक्षण प्राप्त किया। कठिन परिश्रम और
लगन के बल पर उनका चयन इंडियन नेवी में कैडेट के पद पर हुआ। सोनी की इस सफलता पर परिजनों, ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गई है।








