
11 म० प्र० बटालियन एन सी सी सागर के कैम्प कमान्डेन्ट कर्नल अरूण बलहारा के निर्देशन में संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर XV दिनांक 09 जुलाई से 18 जुलाई 2024 तक पुलिस ट्रेनिंग स्कूल मकरोनिया सागर में किया गया, जिसमें सागर, दमोह, रीवा, कटनी, सतना, छतरपुर के 503 एनसीसी कैडेटों एवं 09 एनसीसी अधिकारियों ने भाग लिया। सागर ग्रुप की विभिन्न यूनिटों से आये हुये कैडेटों में से शिविर के दौरान सर्विस शूटिंग कैम्प एवं थल सेना कैम्प के लिये कैडेटों का चयन किया गया।

चयनित किये गये एनसीसी कैडेटों को रायपुर एवं ग्वालियर शिविर में दिनांक 22 जुलाई से 31 जुलाई 2024 तक आयोजित होने वाले कैम्प में सम्मिलित होना है। दिनांक 17 जुलाई 2024 को एनसीसी कैडेटों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें कैडेटों के द्वारा विभिन्न तरह की भव्य प्रस्तुति दी गई। इस कार्यक्रम में सागर पुलिस अधीक्षक श्री दिनेश कुमार कौशल एवं एडीशनल पुलिस अधीक्षक लवली सोनी की उपस्थिति में कैम्प का समापन समारोह सम्पन्न हुआ।

कैम्प के दौरान कैडेटों को आयोजित की जाने वाली विभिन्न प्रकार की गतिविधियों जैसे ड्रिल, शूटिंग, मेप रीडिंग, व्यक्तित्व विकास के संबंध में गहन प्रशिक्षण दिया गया, जिससे कैडेटों को भविष्य में इसका लाभ मिल सकें।











