
मातृ और शिशु स्वास्थ्य में गुणवत्ता लाने में प्रभावी हो सकता है ‘केयर कम्पैनियन प्रोग्राम:- डॉक्टर अभिषेक जैन
मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर अभिषेक जैन द्वारा बताया गया कि अस्पताल में रोगी की देखभाल में उनके परिजनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए पन्ना जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, देवेंद्रनगर में ‘केयर कम्पैनियन प्रोग्राम’ के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के सूचकांकों में सुधार का प्रयास किया जा रहा है। यह कार्यक्रम मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुदृढ़ीकरण हेतु राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मध्यप्रदेश का एक अनूठा प्रयास है जिसमें ‘नूरा हेल्थ’ संस्था द्वारा आवश्यक तकनीकी सहयोग प्रदान किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अस्पताल में भर्ती रोगियों के साथ आने वाले परिजनों को स्वास्थ्य शिक्षा प्रदान करना है, ताकि वे बेहतर देखभाल कर सकें। विशेष सत्रों के माध्यम से परिवार के सदस्यों को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संबंधी बुनियादी चिकित्सा कौशल सिखाए जाते हैं। इस कार्यक्रम के तहत, प्रशिक्षित नर्सें अस्पताल वार्डों में मरीज़ों की देखभाल के साथ ही उपस्थित माताओं और उनके परिवार वालों को नवजात और मातृ देखभाल के बारे में जानकारी देती हैं।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मध्यप्रदेश ने इस कार्यक्रम को ‘यूएसएड इनोवेशन फाउंडेशन’ के साथ मिलकर शुरू किया है। प्रशिक्षण को प्रभावी बनाने के लिए फ्लिप-चार्ट, हैंडआउट, गुड़िया प्रदर्शन, पोस्टर आदि का उपयोग किया जाता है, और वास्तविक जीवन के उदाहरणों के माध्यम से मरीज़ों की देखभाल के महत्व को रेखांकित किया जाता है।
यह प्रशिक्षण मुख्य रूप से स्थानीय भाषाओं में दिया जाता है, जिससे सभी प्रतिभागियों को इसे समझने में आसानी होती है।
रोगियों के परिजनों को इन शिक्षा सत्रों के बाद व्हाट्सएप सेवा और यूट्यूब वीडियो जैसी डिजिटल माध्यमों के माध्यम से निरंतर सहायता प्रदान की जाती है। इस कार्यक्रम के तहत, पिछले छह महीनों में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवेंद्रनगर में 129 सत्रों के माध्यम से 923 से अधिक परिजनों को स्वास्थ्य शिक्षा प्रदान की गई है। आने वाले समय में इस कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि अधिक से अधिक लोग इस कार्यक्रम का लाभ उठा सकें।





