
पीलभीत। गोवंशीय पशु की हत्या करने की योजना बना रहे तस्करों ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। बाद में घेराबंदी कर पुलिस ने पांच तस्करों को दबोच लिया। उनके पास से दो तमंचे, हत्या करने के उपकरण और एक गोवंशीय पशु बरामद किया गया। घटना जहानाबाद क्षेत्र के बारातबोझ गांव की है। मुखबिर से सूचना मिली कि क्षेत्र के बारातबोझ गांव में निर्माणाधीन मकान के पीछे चार से पांच लोग गोवंशीय पशु को बांधकर उसकी हत्या करने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इस पर तस्करों ने टीम पर फायर कर दिया। बचाव कर पुलिस ने घेराबंदी कर पांच आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ करने पर आरोपियों की पहचान क्षेत्र के गांव निसरा निवासी सलीम, तस्लीम, अमन, बारातबोझ गांव निवासी शाकिर व सितारगंज के गांव सिसैया निवासी आरिस के रूप में हुई।
पुलिस ने मौके से दो तमंचे, हत्या करने के उपकरण व एक जिंदा गोवंशीय पशु बरामद किया। थाना प्रभारी मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।










