
बिस्कोहर नगर पंचायत में छात्रों को किया पुरस्कृत
प्रतिभा खोज में 300 छात्रों ने प्रतिभाग किया था, मंत्सा को मिली साइकिल
सिद्धार्थनगर , बिस्कोहर नगर पंचायत के स्थित विद्यालय में मंगलवार को आयोजित प्रतिभा खोज प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पंचायत चेयरमैन अजय गुप्ता और चौकी प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
छात्रों को सम्मानित किया
समारोह में सीनियर वर्ग की विजेता कक्षा 10वीं की छात्रा मंत्सा को साइकिल से नवाजा गया। द्वितीय स्थान कक्षा 9 के सोनू प्रजापति और कक्षा 11 वीं की काजल कसौधन ने प्राप्त किया, जबकि तृतीय स्थान कक्षा 11वीं की श्वेता तिवारी को मिला। जूनियर वर्ग में कक्षा 8 के सूर्यास ने प्रथम स्थान हासिल किया। कक्षा 7 की मानवी द्वितीय और कक्षा 6-7 के आदित्य गुप्ता व विशाल यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को साइकिल, कूलर, पंखा, इलेक्ट्रॉनिक लाइट और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता में 300 छात्रों ने प्रतिभाग किया
कॉलेज के प्रबंधक निर्देशक आकाश मिश्र ने बताया कि 4 जनवरी को आयोजित इस प्रतियोगिता में सर्वोदय इंटर कॉलेज डोकम अमया, संत मौनी दास इंटर कॉलेज और प्रभावती कन्या इंटर कॉलेज के कुल 300 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह की शोभा बढ़ाई।
समारोह में न्यायिक एसडीएम इटवा मनोज कुमार भारती, बड़ौदा यूपी बैंक के शाखा प्रबंधक शांतनु मिश्र सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





