
पीलीभीत। न्यूरिया क्षेत्र के बिथरा गवं निवासी पूरनलाल उर्फ सागर 16 हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया। आरोपी बिथरा गांव निवासी बॉबी, शुभम उर्फ शिवम व अमरिया थाना क्षेत्र के कैमोर गांव निवासी प्रमोद को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि मृतक पूरनलाल के पिता राम बहादुर से उनकी पुरानी मुकदमे बाजी को लेकर रंजिश चल रही थी। इस बात को लेकर पूरनलाल उनसे रंजिश रखता था। इसको लेकर उन्होंने पूरनलाल को मारने की योजना बनाई और उसे पड़ककर खेतों में ले जाकर हत्या की। शुक्रवार को छह टुकड़ों में उसका शव बोरे में बंद मिला। पुलिस ने शनिवार को नामजद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया। आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त बांका और एक बाइक भी बरामद की गई है। तीनों को जेल भेज दिया गया। रामबहादुर का पुत्र पूरनलाल उर्फ सागर (16) 10 मार्च की रात 11 बजे घर से कुछ दूरी पर झोंपड़ी में सो रहे पिता को देखने गया था। इसके बाद वह लापता हो गया। कोई जानकारी न मिलने पर परिजनों ने 12 मार्च को न्यूरिया थाने में लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई।

14 मार्च को दोपहर 12 बजे न्यूरिया के मंडरिया गांव स्थित रोहतनिया पुल के नीचे उसका शव बोरे में बंद मिला। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट ने भी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। शनिवार को पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया। एसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि आरोपियों ने रंजिश में हत्या की बात कबूल की है।








