
कुशीनगर। रक्षाबंधन का पर्व नगर पंचायत क्षेत्र में इस बार विशेष रहा, जब बहनों ने नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि भाई अजीम आलम की कलाई पर राखी बांधकर प्रेम, विश्वास और भाईचारे की डोर को और मजबूत किया। सुबह से ही नगर पंचायत कार्यालय और उनके आवास पर बहनों का तांता लगा रहा। हर बहन ने तिलक, आरती और मिठाई के साथ राखी बांधते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।
अजीम आलम ने बहनों का आशीर्वाद लेते हुए कहा कि रक्षाबंधन सिर्फ एक धार्मिक त्योहार नहीं, बल्कि यह आपसी प्रेम, एकता और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे हमेशा बहनों के सम्मान और सुरक्षा के लिए तत्पर रहेंगे।
इस अवसर पर नगर पंचायत के कई कर्मचारी, स्थानीय गणमान्य नागरिक और आम लोग मौजूद रहे। राखी बांधने के बाद मिठाई और ठंडे पेय पदार्थों का वितरण किया गया, जिससे माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया। रक्षाबंधन के इस पर्व ने नगर पंचायत में भाईचारे और अपनत्व की मिसाल पेश की।