

बड़ी खबर: सहारनपुर में ‘ऑपरेशन सवेरा’ की गूंज — पुलिस ने नशे के काले साम्राज्य के बादशाह को दबोचा
सहारनपुर पुलिस के ‘ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर’ अभियान ने एक और बड़ी कामयाबी दर्ज की है। थाना चिलकाना पुलिस टीम ने बुधवार को क्षेत्र के कुख्यात नशा तस्कर मुमताज उर्फ मुन्तयाज पुत्र इश्तयाक उर्फ झटपजामा को एक विशेष दबिश में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से 21.50 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की, जिसकी अवैध बाजार में भारी कीमत बताई जा रही है।
यह गिरफ्तारी सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि नशे के उस पूरे नेटवर्क पर सीधा वार है जो युवाओं के भविष्य को अंधकार की तरफ धकेल रहा था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन और पुलिस उपमहानिरीक्षक के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान में, प्रभारी निरीक्षक चन्द्रसेन सैनी के नेतृत्व में गठित टीम ने अपराधी को रंगे हाथों पकड़ने में सफलता पाई।
मुमताज का अपराध रिकॉर्ड पुलिस फाइलों में खौफनाक है — गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, सीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम, हत्या के प्रयास, चोरी और पशु क्रूरता जैसे गंभीर अपराधों में कुल 10 मुकदमे उसके नाम दर्ज हैं। पुलिस अब उसके अवैध कारोबार के ‘Forward’ और ‘Backward’ लिंक की गहन जांच कर रही है, ताकि इस नेटवर्क में शामिल हर अपराधी को कानून के शिकंजे में लाया जा सके।
पुलिस उपमहानिरीक्षक ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नशे के कारोबारियों के लिए सहारनपुर में कोई जगह नहीं है। “ऑपरेशन सवेरा” पूरे परिक्षेत्र में और अधिक सख्ती व तीव्रता के साथ जारी रहेगा, ताकि नशे के इस काले धंधे को जड़ से खत्म किया जा सके और युवाओं का भविष्य सुरक्षित रहे।
📌 रिपोर्ट: एलिक सिंह — संपादक, समृद्ध भारत समाचार पत्र / वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज़
📍 उत्तर प्रदेश महासचिव — भारतीय पत्रकार अधिकार परिषद
📞 +91 82175 54083











