A2Z सभी खबर सभी जिले की

विदेश में भी गूंज रही भारतीय संस्कृति की आवाज़: सिंगापुर में मनीषा जायसवाल कर रहीं हैं छठ महापर्व का आयोजन

वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्ट
स्थान – (बलिया) रसड़ा। सूर्योपासना का महापर्व छठ पूजा न केवल भारत में, बल्कि विदेशों में भी भारतीय संस्कृति की पहचान बन चुका है। बलिया जनपद के रसड़ा नगर की बेटी मनीषा जायसवाल ने यह साबित कर दिया है कि भले ही भौगोलिक दूरी कितनी भी हो, श्रद्धा और संस्कार हमेशा अपने देश से जुड़े रहते हैं।

रसड़ा नगर के भगत सिंह तिराहा निवासी प्रमुख समाजसेवी राजेश गुप्ता की पुत्री मनीषा जायसवाल का विवाह वर्ष 2015 में गोरखपुर जनपद के मनोज कुमार जायसवाल से हुआ था, जो सिंगापुर में होटल मैनेजमेंट के क्षेत्र में कार्यरत हैं।

मनीषा ने बताया कि अपनी सास के प्रेरणा से पांच वर्ष पूर्व उन्होंने सिंगापुर में छठ व्रत की शुरुआत की थी। आज यह आयोजन न केवल उनके परिवार बल्कि वहां रह रहे भारतीय समुदाय के लिए एक आस्था का केंद्र बन गया है।

सिंगापुर में मनीषा भारतीय परंपरा के अनुरूप सभी विधि-विधान से सूर्य देवता की आराधना करती हैं। परिवार के साथ मिलकर ठेकुआ, पूड़ी, कचौरी, और फलाहार जैसे पारंपरिक व्यंजन बनाती हैं। उनकी 10 वर्ष और 7 वर्ष की बेटियाँ भी इस पूजा में उत्साहपूर्वक शामिल होती हैं।

मनीषा का यह प्रयास दर्शाता है कि भारतीय संस्कृति और परंपराएं सीमाओं से परे हैं। उनका संदेश स्पष्ट है — जहाँ भी भारतीय हैं, वहाँ आस्था, परंपरा और संस्कृति का दीपक प्रज्वलित रहेगा।

सिंगापुर की धरती पर छठ पूजा का यह आयोजन न केवल आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह भी प्रमाण है कि भारतीय संस्कृति की जड़ें कितनी गहरी और जीवंत हैं।

रिपोर्ट – वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज, संवाददाता रसड़ा (बलिया)

Jitendra Maurya

Vande Bharat Live TV News District Head Ghazipur Uttar Pradesh India
Back to top button
error: Content is protected !!