
दुद्धी, सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_
क्षेत्र की कई गंभीर जनसमस्याओं को लेकर गुरुवार को स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने सपा नेता व जिला पंचायत सदस्य जुबेर आलम के नेतृत्व में महामहिम राज्यपाल के नाम संबोधित सात सूत्रीय ज्ञापन दुद्धी तहसीलदार को सौंपा।
जुबेर आलम ने बताया कि दुद्धी क्षेत्र अति पिछड़ा, दलित एवं आदिवासी बहुल है, जहां के लोग महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और अव्यवस्थित कानून-व्यवस्था सहित तमाम समस्याओं से जूझ रहे हैं। ज्ञापन में कहा गया कि अतिवृष्टि और प्राकृतिक आपदाओं के कारण धान, आलू व अन्य फसलों को भारी नुकसान हुआ है, जिससे किसान आर्थिक संकट में हैं। किसानों को त्वरित मुआवजा उपलब्ध कराए जाने की मांग की गई।
साथ ही धारा-20 के तहत वनभूमि पर बसने वाले मूल निवासियों एवं आदिवासियों को बेदखली और उत्पीड़न से संरक्षण देने की अपील की गई। कनहर अमवार परियोजना से विस्थापित परिवारों को मुआवजा देने तथा नहर निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराए जाने की मांग भी उठी।
ज्ञापन में विद्युत व्यवस्था सुधारने, निजीकरण रोकने और दुद्धी में 132 केवीए सबस्टेशन स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। सरकारी कार्यालयों में सुविधा शुल्क के नाम पर हो रहे शोषण पर रोक और आवासीय भूमि की अनियमित रजिस्ट्रियों पर नियंत्रण की भी मांग की गई।
परिवहन व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों ने त्रिवेणी एक्सप्रेस के स्थान पर दूसरी ट्रेन संचालन, राजधानी और स्वर्णजयंती एक्सप्रेस का दुद्धी में ठहराव सुनिश्चित करने तथा गेट नंबर 63 पर अंडरपास की जगह ओवरब्रिज निर्माण कराने की मांग रखी।
स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए दुद्धी, विंढमगंज, म्योरपुर व बभनी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की भारी कमी दूर करने तथा लैब, एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड जैसी सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने की बात कही गई।






