

बिजनौर की जिलाधिकारी जसजीत कौर ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 कार्यक्रम के तहत मतदाताओं से प्राप्त गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को फील्ड में रहकर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) का सहयोग करने को कहा।
जिलाधिकारी ने विधानसभा बिजनौर क्षेत्र के अंतर्गत 6 मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ को निर्देशित किया कि वे प्राप्त होने वाले गणना प्रपत्रों को बिना विलंब डिजिटाइज करते रहें। साथ ही, फॉर्म कलेक्शन में लगे कर्मचारियों को मतदाताओं का सहयोग करने और भरे हुए फॉर्म मतदान केंद्र पर जमा करने के लिए प्रेरित करने को कहा, ताकि कोई भी मतदाता अपना प्रपत्र जमा करने से न छूटे।
निरीक्षण के दौरान, जिलाधिकारी ने ग्राम तिमरपुर, सेंट जोसेफ स्कूल, लुईस ली पार्कर इंटर कॉलेज, प्राथमिक विद्यालय पुलिस लाइन और राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में स्थापित मतदान केंद्रों का जायजा लिया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जसजीत कौर ने मतदाताओं से अपील की कि वे स्वयं अपने फॉर्म भरकर तत्काल बीएलओ को उपलब्ध कराएं, ताकि उन्हें जल्द से जल्द डिजिटाइज किया जा सके। उन्होंने 4 दिसंबर की प्रतीक्षा न करने का आह्वान करते हुए कहा कि यथासंभव तत्काल अपने गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को दें, जिससे वे उन्हें ऑनलाइन फीड कर सकें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं द्वारा अपने गणना प्रपत्र जमा नहीं किए जाएंगे, उनके नाम नई वोटर लिस्ट में शामिल नहीं होंगे। इसके परिणामस्वरूप, वे अपने मताधिकार का प्रयोग करने से वंचित रह जाएंगे।







