
चित्रसेन घृतलहरे, 13 दिसम्बर 2025//कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के दिशा-निर्देश एवं जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन के मार्गदर्शन में मनरेगा कार्यस्थल पर मृत्यु के मामले में पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। बरमकेला विकासखंड के ग्राम पंचायत जामपाली निवासी ललिता सिदार के पति स्वर्गीय राजेन्द्र सिदार की मनरेगा कार्य के दौरान मृत्यु हो जाने पर उनकी पत्नी ललिता सिदार को जनपद पंचायत बरमकेला में 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया।
यह चेक जनपद पंचायत बरमकेला के सीईओ अजय पटेल, सुधा कश्यप एवं मनरेगा परियोजना अधिकारी द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत जामपाली की सरपंच दामिनी नरेश साहू तथा रोजगार सहायक भी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 12 दिसंबर 2022 को राजेन्द्र सिदार (उम्र 45 वर्ष) मनरेगा कार्यस्थल पर कार्य करते समय अचानक बेहोश हो गए थे। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरमकेला लाया गया, जहाँ चिकित्सकों द्वारा जांच के उपरांत मृत घोषित कर दिया गया। पीएम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण हार्ट अटैक बताया गया है।
घटना के पश्चात पीड़िता ललिता सिदार द्वारा आर्थिक सहायता हेतु कलेक्टर सारंगढ़ को आवेदन पत्र प्रस्तुत किया गया था, जिस पर संवेदनशीलता दिखाते हुए कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने 25 हजार रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की। पीड़ित परिवार गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाला है, ऐसे में यह सहायता उनके लिए संबल साबित होगी।







