
संवाददाता अखिलेश विश्वकर्मा ✅ श्री बंशीधर नगर: भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में किसानों को हो रही बिजली आपूर्ति की समस्या को लेकर शनिवार को भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही विद्युत विभाग के डिवीजन कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कार्यपालक अभियंता समेत विभागीय अधिकारियों से मुलाकात कर किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।
अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए भानु प्रताप शाही ने कहा, “आप नए आए हैं, शायद पुराने अधिकारियों से मेरे बारे में पूछ लीजिए। मुझे 2005 वाला भानु प्रताप शाही बनने पर मजबूर मत करिए।” उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष समय पर पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण किसान सिंचाई के लिए पूरी तरह बिजली पर निर्भर हैं। धान रोपाई का समय चल रहा है, लेकिन पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से खेती प्रभावित हो रही है। उन्होंने मांग की कि किसानों को प्रतिदिन कम से कम 15 घंटे निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जाए, ताकि सिंचाई सुचारु रूप से हो सके।
पूर्व विधायक ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई जगहों पर बिजली कनेक्शन तो दे दिए गए हैं, लेकिन पोल और तार की व्यवस्था अब तक पूरी नहीं की गई है। लोग अस्थायी व्यवस्था के सहारे बिजली का उपयोग कर रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने जर्जर तार एवं पोल को तत्काल बदलने तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश अधिकारियों को दिया।
भानु प्रताप शाही ने स्मार्ट एवं डिजिटल मीटर से आ रहे बिजली बिलों को लेकर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं का बिल लगभग एक हजार रुपये होना चाहिए, उन्हें चार से पांच हजार रुपये तक के बिल भेजे जा रहे हैं। उन्होंने विभाग से विशेष शिविर लगाकर गलत बिजली बिलों का सुधार करने तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने की मांग की।
बैठक के दौरान चितरी गांव के दक्षिण टोला के एक किसान ने विद्युत विभाग के एसडीओ प्रदीप सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से बांस-बल्ली के सहारे बिजली लाइन संचालित हो रही है। कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। किसान ने एसडीओ पर कथित रूप से पैसे मांगने का भी आरोप लगाया।
इस पर भानु प्रताप शाही ने अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो विद्युत विभाग के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा।
इस अवसर पर कुमार कनिष्क, अशोक सेठ लक्ष्मण राम, शैलेश चौबे, सोनू सिंह, मधुबाला देवी, पंकज सिंह, कन्हाई सिंह, उपेंद्र दास सहित बड़ी संख्या में किसान एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।




