

डीडवाना-कुचामन राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित हो रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला में नगर परिषद द्वारा रविवार को स्वच्छता जागरूकता एवं श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन डीडवाना स्थित कचोलिया तालाब हनुमान घाट मन्दिर पर किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर मोहन लाल खटनावलिया, नगर परिषद आयुक्त भगवान सिंह, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता एफ आर मीणा,जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता सुनील मानवताल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने तालाब के चारों और सफाई व श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशन में आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम के माध्यम से शहरी क्षेत्रों, जिला स्तर एवं पंचायत स्तर पर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर सहभागिता बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
नगर परिषद आयुक्त भगवान सिंह ने बताया कि स्वच्छता जागरूकता एवं श्रमदान कार्यक्रम के तहत नगर परिषद क्षेत्र में वार्ड-स्तरीय स्वच्छता शपथ, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, कचरा पृथक्करण संबंधी अभियान, बाजारों में विशेष सफाई ड्राइव तथा प्लास्टिकमुक्त शहरों के लिए जन-जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।







