A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेधनबाद

दहेज हत्या का आरोप, मृतका की मां ने दामाद समेत ससुराल पक्ष पर दर्ज कराया मामला

धनबाद। कतरास बाजार बाउरी टोला निवासी पातू देवी ने सोनारडीह ओपी में आवेदन देकर अपने दामाद चंदन बाउरी पर दहेज के लिए अपनी बेटी रीमा देवी की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका की मां का आरोप है कि रीमा की शादी वर्ष 2024 में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार सोनारडीह निवासी चंदन बाउरी से हुई थी।

पातू देवी ने अपने आवेदन में बताया है कि शादी के बाद से ही दामाद एवं ससुराल पक्ष के लोग 50 हजार रुपये नगद एवं अन्य दहेज की मांग करने लगे। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर रीमा देवी को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी प्रताड़ना के चलते उनकी बेटी की हत्या कर दी गई।

मृतका की मां ने दामाद चंदन बाउरी के अलावा ससुर तुलसी बाउरी, सास सुनीता देवी एवं ननद पर भी दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है।

वहीं, सोनारडीह निवासी मृतका के ससुर तुलसी बाउरी ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि बुधवार सुबह करीब चार बजे रीमा देवी की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए निश्चितपुर स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जवाब दे दिया। इसके बाद उसे पीएमसीएच धनबाद में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

रीमा देवी की मौत की खबर मिलते ही कतरास बाजार बाउरी टोला में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में मोहल्ले के लोग सड़क पर उतर आए और मृतका के शव को देखने के लिए उमड़ पड़े।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Back to top button
error: Content is protected !!