
भदोही, 21 फरवरी 2026 विकासखंड औराई के ग्राम जेठूपुर निवासी शहीद अग्निवीर धीरज कुमार गुप्ता जी के पार्थिव शरीर के गृह आगमन श्रद्धांजलि अर्पित कर अंतिम विदाई दी।

शहीद अग्निवीर धीरज कुमार गुप्ता जी को अश्रुपूरित श्रद्धांजलि, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई
सांसद,डीएम,एसपी,जनप्रतिनिधियों व जनपदवासियो ने शहीद धीरज गुप्ता जी को पुष्प चक्र अर्पित व नमन कर दी श्रद्धांजलि भदोही, 21 फरवरी 2026 विकासखंड औराई के ग्राम जेठूपुर निवासी शहीद अग्निवीर धीरज कुमार गुप्ता जी के पार्थिव शरीर के गृह आगमन पर पूरा जनपद शोकाकुल हो उठा। जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं हजारों की संख्या में उपस्थित जनसमुदाय ने शहीद को नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित कर अंतिम विदाई दी। इस अवसर पर मा. सांसद डॉ. विनोद कुमार बिंद, जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं जनपदवासियों ने शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें नमन किया।
जम्मू-कश्मीर से शहीद का पार्थिव शरीर उनके बटालियन के सैनिकों द्वारा पूरे राजकीय सम्मान के साथ तिरंगे में लपेटकर लाया गया। साथ आए सैनिकों एवं पुलिस बल के जवानों ने राष्ट्रीय धुन के साथ शस्त्र झुकाकर शहीद को सलामी दी। इस दौरान वातावरण “भारत माता की जय” एवं “शहीद धीरज गुप्ता अमर रहें” के उद्घोष से गूंज उठा।
मा. सांसद, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने शहीद के परिजनों—भाई नीरज कुमार, माताजी एवं अन्य सदस्यों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि इस अपार दुःख की घड़ी में शासन एवं प्रशासन शहीद के परिवार के साथ खड़ा है तथा हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। शहीद की माताजी को राजकीय सम्मान के साथ तिरंगा झंडा सौंपा गया, जो पूरे राष्ट्र के गर्व और सम्मान का प्रतीक है। उपस्थित सभी लोगों ने शहीद के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए उनकी वीरता को सदैव स्मरण रखने का संकल्प लिया। शहीद के घर से 5 किलोमीटर दूर अंत्येष्टि स्थल भोगांव घाट तक लंबी अंतिम यात्रा निकाली गई, जिसमें जनसैलाब उमड़ पड़ा। पूरे मार्ग में लोगों ने पुष्प वर्षा कर शहीद को श्रद्धांजलि दी और देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा। अंत्येष्टि स्थल पर सैन्य एवं पुलिस बल द्वारा पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया। जनपदवासियों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि शहीद धीरज कुमार गुप्ता का बलिदान सदैव राष्ट्र को प्रेरणा देता रहेगा। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल,अपर जिलाधिकारी कुंवर वीरेंद्र मौर्य,उप जिलाधिकारी औराई श्याम मणि त्रिपाठी,सीओ राजीव कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों व जनपद वासियों ने शहीद को पुष्पांजलि अर्पित व नमन कर श्रद्धांजलि दिया।









