

सिंगरौली: साफ-सफाई व्यवस्था मजबूत करने नगर निगम की पहल, सामाजिक संस्थाओं व धर्मगुरुओं की बैठक संपन्न।
सिंगरौली – शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नगर निगम सभागार में नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान के नेतृत्व में धर्मगुरुओं, सामाजिक संस्थाओं तथा विभिन्न संगठनों की बैठक आयोजित हुई।
बैठक में नगर की स्वच्छता व्यवस्था की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक के दौरान उपस्थित सभी प्रतिनिधियों ने आपसी परिचय के साथ स्वच्छता को जनभागीदारी से सफल बनाने पर जोर दिया और नगर निगम के साथ मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। शहर में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने, वर्तमान व्यवस्थाओं की कमियों तथा भविष्य में किए जाने वाले सुधारात्मक उपायों पर खुलकर विचार-विमर्श किया गया।बैठक में सुझाव दिया गया कि नगर निगम के प्रत्येक वार्ड के लिए अलग-अलग ग्रुप बनाए जाएं, जिनमें संबंधित वार्ड के पार्षद, निगम अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहें। इन समूहों के माध्यम से वार्ड स्तर की समस्याओं—जैसे गंदगी, कचरा वाहन का समय पर न पहुंचना या अन्य व्यवस्थागत कमियां—की जानकारी तत्काल साझा कर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।इसके साथ ही डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को नियमित और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। कचरा संग्रहण शुल्क समय पर लेने तथा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध जुर्माना एवं सख्त कार्रवाई करने की आवश्यकता भी बैठक में बताई गई।बैठक उपस्थित प्रतिनिधियों ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही संभव है। उन्होंने लोगों से अपने घर और परिवार से स्वच्छता की शुरुआत करने की अपील की। बैठक में व्यापार मंडल, सामाजिक संस्थाओं एवं धर्मगुरुओं ने भी मोहल्ला स्तर पर बैठकों और जनजागरूकता अभियान चलाने का सुझाव दिया।बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने स्वच्छ एवं सुंदर शहर के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास करने की सहमति व्यक्त की।बैठक में मुख्य रूप से विंध्याचल सोसायटी से इमरान खान,सिख सोसायटी से सुखदेव सिंह,शिवधाम मंदिर से डॉ. एन पी मिश्र,नवजीवन रहवासी कल्याण समिति से एस डी गर्ग व राजेश नारायण,युवा टास्क फोर्स से डॉ. सुमित गुप्ता,संत पॉल चर्च से फादर जोसे,आनंद विहार रहवासी कल्याण समिति से सचिन दवे,समृद्धि सोसायटी से बृजेश शुक्ला,व्यापार मंडल सिंगरौली से रामसुमिरन गुप्ता एवं रोहित गुप्ता, चंद्रा वेलफेयर सोसाइटी से रविन्द्र एवं मुकेश श्रीवास्तव,सामाजिक कार्यकर्ता पंकज गुप्ता,जैन मिलन समिति से आर के जैन,लायंस क्लब से डॉ. डी के मिश्रा,भारत विकास परिषद से मिथिलेश मिश्रा,यज्ञ शाला मंदिर से राम बहोर द्विवेदी,परमसुख रहवासी समिति से अजीत तिवारी एवं प्रशांत सिंह सहित स्वास्थ्य अधिकारी बालगोविंद चतुर्वेदी, आईईसी सहायक नोडल अधिकारी शशांक गौतम,आईईसी मैनेजर आशीष शुक्ला,उपयंत्री विपिन तिवारी उपस्थित रहे।



