

डीडवाना-कुचामन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अजमेर के कायड़ विश्राम स्थली में आयोजित विशाल जनसभा के दौरान राजस्थान को ₹16,600 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने प्रदेश के 21,800 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र वितरित किए। साथ ही माननीय प्रधानमंत्री ने देशव्यापी ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान विशेष रूप से 14 वर्ष की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाने के लिए शुरू किया गया है।
इस अवसर पर जिला मुख्यालय पर जिला रोजगार उत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का डीडवाना जिला मुख्यालय पर सीधा प्रसारण किया गया। जिला कलेक्टर कार्यालय में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खडगावत, उपखंड अधिकारी विकास मोहन भाटी और तहसीलदार ओमप्रकाश सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में अधिकारियों की उपस्थिति में जिले के राजकीय सेवाओं में चयनित महिला और पुरुष अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। जिला मुख्यालय पर 10 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए वहीं जिले के 333 अभ्यर्थियों ने अजमेर में आयोजित कार्यक्रम में भागीदारी की।
इस दौरान सभी लाभार्थियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री का उद्बोधन सुना। इसको लेकर युवाओं और उनके परिजनों में उत्साह देखा गया।







