
बरलाई की नई आबादी घोषित करने की मांग, जनसुनवाई में ग्रामीणों ने सौंपा आवेदन
खाचरौद। ग्राम पंचायत बरलाई में सर्वे नंबर 85, 82 एवं 94 की भूमि पर करीब 40 वर्षों से निवासरत ग्रामीण परिवारों की नई आबादी को नियमानुसार घोषित करने की मांग को लेकर आज ग्रामीणों ने जनसुनवाई में आवेदन प्रस्तुत किया।
ग्रामीणों ने बताया कि उक्त सर्वे नंबरों की भूमि पर लंबे समय से बड़ी संख्या में परिवार निवास कर रहे हैं और यहां नई आबादी विकसित हो चुकी है, लेकिन अभी तक इसे नियमानुसार नई आबादी घोषित नहीं किया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार इस संबंध में पूर्व में भी कई बार आवेदन दिए जा चुके हैं। 11 मार्च 2025 को कलेक्टर जिला उज्जैन के समक्ष जनसुनवाई आवेदन क्रमांक 1825/जनसुनवाई/2023 प्रस्तुत किया गया था, जिसे कार्रवाई के लिए खाचरौद राजस्व विभाग भेजा गया था। वर्ष 2025 में भी इसी संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया गया था।
ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में दिए गए आवेदन एवं संबंधित प्रकरण की फाइल खाचरौद राजस्व विभाग में उपलब्ध नहीं होने की जानकारी सामने आई है। इसको लेकर ग्रामीणों ने फाइल की जांच कराने, पुराने रिकॉर्ड तलाशने तथा पूर्व में हुई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की।
आवेदन में सर्वे नंबर 85, 82 एवं 94 का स्थल निरीक्षण कराने तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए बरलाई की नई आबादी को घोषित करने की मांग की गई है।
जनसुनवाई के दौरान सरपंच प्रतिनिधि कालूराम चंद्रवंशी, गिरधारी लाल, कालूराम, दुलेसिंह, रमेश, हेमराज, प्रेम नारायण गेहलोत, कैलाश गेहलोत, शिवलाल नरवरिया, नारायण गेहलोत, सभू सिंह, भेरूलाल दायना, गीता बाई, रेखा बाई एवं अनीता बाई सहित समस्त ग्रामीणजन, महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित रहे।







