
कटनी, रीठी।। GANESH UPADHYAY VANDE BHARAT LIVE TV NEWS KATNI MP.
रीठी तहसील मुख्यालय के ग्राम पंचायत बकलेहटा के रेलवे स्टेशन के समीप बने अंडर ब्रिज से आवागमन करने में इन दिनों स्थानीय रहवासियों सहित रेलवे कर्मचारियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बताया गया कि हर वर्ष बारिश के दिनों में यहां पर ऐसे ही हालात निर्मित हो जाते हैं और लोगों का अंडर ब्रिज से आवागमन टेढ़ी खीर साबित हो जाता है। बताया गया कि बारिश की बजह में दोनों तरफ अंडर ब्रिज में सड़क कीचड़ से सन जाती है। जिसकी वजह से यहां बाहन फंसते हैं और मिट्टी व में फिसलकर लोग चोटिल हो जाते हैं। खास बात तो यह है कि इस गंभीर समस्या का कोई ठोस समाधान लगातार सूचना व शिकायत देने के बाद भी जिम्मेदारों के द्वारा नहीं निकाला जा रहा है।
*गंदगी से होकर गुजर रहे लोग*
हाल ही में हुई बारिश के बाद अंडर ब्रिज के दोनों तरफ के रास्ते में कीचड़ जमा हुआ है। जिसके चलते वाहन चालकों के साथ ही पैदल निकलने वाले राहगीरों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस परेशानी से पीड़ित कुछ जागरूक लोगों द्वारा संबंधित विभाग के आलाधिकारियों को अवगत भी कराया गया है, लेकिन अब तक यहां पर साफ-सफाई नहीं कराई गई है। जिसके चलते यहां पर भरे पड़े कीचड़ व गंदगी से होकर लोगों को गुजरना पड़ रहा है।
*कई गांवों को जोड़ता है यह अंडर ब्रिज*
ग्रामीणों ने जानकारी देते हुए बताया कि बकलेहटा स्टेशन के समीप खंबा नंबर 1197/1 में जो अंडर ब्रिज बनाया गया है वह ग्राम के अंदर से स्टेशन सहित बरजी, चरगवां होते हुए सलैया को भी जोड़ता है। ग्रामीणों ने रेलवे के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि उनकी इस गंभीर समस्या को देखते हुए अंडर ब्रिज के अंदर फैली गंदगी और कीचड़ को जल्द साफ कराया जाए।












