
देवरिया।गोरखपुर-देवरिया मुख्य मार्ग पर स्थित रामपुर चौराहे पर एक टेलर व पिकअप में टक्कर हो गई। इसमें पिकअप के परखच्चे उड़ गए। हादसे में पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। टेलर को कब्जे में ले लिया। टेलर चालक मौके से फरार हो गया।
उपनगर के रामपुर चौराहे पर भोर में करीब तीन बजे पानी की बोतल लदी पिकअप गोरखपुर से देवरिया की तरफ जा रही थी। इसी बीच रुद्रपुर से आ रही एक टेलर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई, जिससे पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसमें पिकअप चालक सज्जाद अली (26) पुत्र अतिउल्लाह निवासी गोरखपुर गुलहरिया थाना क्षेत्र के जंगल डूमरी की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने चालक के शव को मशक्कत के बाद बाहर निकाला। वह पिकअप पर पानी की बोतल लेकर देवरिया की तरफ जा रहा था। सड़क पर चारों तरफ पानी की बोतल बिखर गई। टेलर लेकर भागने की फिराक में चालक अपने को घिरता देख टेलर खड़ा कर भाग निकला। थानाध्यक्ष डीके मिश्र ने बताया कि टेलर पुलिस के कब्जे में है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


