सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ कार्रवाई सख्त
इटवा में पक्की बाउंड्री को प्रशासन ने किया ध्वस्त, भारी पुलिस बल रहा मौजूद
इटवा के बेलहसा गांव में प्रशासन ने सरकारी खलिहान की भूमि से अवैध कब्जा हटाने की बड़ी कार्रवाई की। तहसीलदार देवेंद्र मणि त्रिपाठी के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस की टीम ने बुल्डोजर की मदद से अतिक्रमण को ध्वस्त किया। जानकारी के अनुसार, वर्षों से इस सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किया गया था। अतिक्रमणकारी ने करीब तीन फीट ऊंची पक्की बाउंड्री बनाकर जमीन को अपने कब्जे में ले रखा था। प्रशासन की चेतावनी के बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया। गुरुवार को प्रशासन ने जेसीबी और मजदूरों की मदद से पूरे भी निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई में राजस्व निरीक्षक भोलानाथ चौधरी, क्षेत्रीय लेखपाल रणधीर यादव, जितेंद्र यादव, सूर्य प्रकाश त्रिपाठी, हरिओम बाजपेई, श्याम बिहारी यादव, हरिकेश प्रसाद और इटवा थाने की पुलिस टीम मौजूद रही। तहसीलदार त्रिपाठी ने बताया कि प्रशासन का यह अभियान जारी रहेगा और जहां भी सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा मिलेगा, उसे हटाया जाएगा।



