
महाकुंभ : 96 बसें रवाना , अलीगढ़ – दिल्ली रूट पर यात्रियों को बढ़ी परेशानी
प्रयागराज महाकुंभ मेले के लिए मंगलवार को अलीगढ़ परिक्षेत्र से 96 बसों का पहला जत्था रवाना हुआ । अगले दो दिनों में 334 और बसें रवाना होंगी , जिससे अलीगढ़ – दिल्ली रूट सहित अन्य मार्गों पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है । रोडवेज अफसरों का कहना है कि अनुबंधित बसों के सहारे खाली पड़े मार्गों पर बसों की कमी को दूर किया जाएगा और जहां भी यात्री संख्या अधिक होगी , वहां बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे । अलीगढ़ परिक्षेत्र के रोडवेज क्षेत्रीय प्रबंधक सत्येंद्र वर्मा ने बताया कि प्रमुख स्नान दिवसों पर विशेष बस सेवा संचालित करने की घोषणा की गई है । इसके साथ ही यह भी कहा गया कि प्रयास किया जा रहा है कि बसों की रवानगी के साथ संबंधित रूटों पर यात्रियों का लोड बढ़े और रोडवेज की आय में वृद्धि हो ।







