
उर्जानगर के राजमहल हाऊस में एकदिवसीय मुखिया उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित
झारखंड / गोड्डा :
जिले के महागामा के उर्जानगर के राजमहल हाऊस में एक दिवसीय मुखिया उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वहीं पंचायती राज्य मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन एवं पिरामल फाऊंडेशन के सहयोग से कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यशाला का उद्घाटन महागामा अनुमंडल पदाधिकारी आलोक वरुण केशरी के द्वारा दीप प्रज्जवलित कर किया गया। इस दौरान भू-अर्जन पदाधिकारी रितेश जायसवाल एवं जिला परिषद सदस्य नगमा आरा भी मौजूद थे। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) के संबद्ध में मुखियाओं का क्षमता बढ़ाना था। इसमें पिरामल फाउंडेशन के प्रशिक्षकों द्वारा जीपीडीपी के विभिन्न विषयों और पंचायत के समग्र विकास को सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण मापदंडों पर विस्तार से चर्चा की गई। उक्त कार्यशाला में महागामा, मेहरमा, ठाकुरगंगटी एवं बोआरीजोर प्रखंडों के कुल 42 मुखियाओं ने भाग लिया। वहीं मुखियाओं ने कहा कि इस कार्यशाला से उन्हें अपनी पंचायतों के विकास के लिए नई दिशा मिली है और अब वो अधिक आत्मविश्वास के साथ अपनी योजना बना सकते हैं। वहीं सभी ने अपने पंचायत को समृद्ध एवं विकसित बनाने का संकल्प लिया।