
सिद्धार्थनगर पुलिस ने जनपद में हो रही चोरियों का सफल खुलासा किया है। पुलिस की संयुक्त टीम ने चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से सोने-चांदी के जेवरात, 44 हजार रुपए नकद, एक मोटरसाइकिल और ताला तोड़ने के उपकरण बरामद हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर एसओजी, सर्विलांस और थाना चिल्हिया की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों में सोनू शर्मा, सूरज
यादव, योगेश मौर्या और अर्जुन साहनी शामिल हैं। सोनू और सूरज सिद्धार्थनगर के रहने वाले हैं। योगेश गोरखपुर का और अर्जुन महराजगंज का निवासी है।
प्रभारी निरीक्षक दुर्गा प्रसाद ने बताया कि पूछताछ में अभियुक्तों ने दिन में मकानों की रेकी करने और रात में ताले तोड़कर चोरी करने की बात स्वीकार की। उन्होंने सिद्धार्थनगर के कंदवा बाजार, कर्मा गांव, सिकरी और पिपरा गांव में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल की।
इस कार्रवाई में पुलिस टीम का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक चिल्हिया दुर्गा प्रसाद, प्रभारी निरीक्षक उसका बाजार रविन्द्र सिंह, प्रभारी एसओजी जीवन त्रिपाठी और प्रभारी सर्विलांस सेल दिनेश सरोज ने किया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है।