

गाजीपुर।
जिले में विकास की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए गोरखपुर हाइवे से जमानिया-जंगीपुर बाईपास रोड का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू होने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने गाजीपुर दौरे के दौरान इस महत्वाकांक्षी परियोजना को स्वीकृति दी थी।
मंगलवार को विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) विशाल सिंह चंचल के प्रतिनिधि डॉ. प्रदीप पाठक ने प्रस्तावित बाईपास स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान वे संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ पहुंचे और बाईपास परियोजना से जुड़ी तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।
डॉ. पाठक ने बताया कि इस बाईपास के निर्माण से आसपास के गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अंधऊ, विराईच, खैरुल्लाहपुर, जफरापुर, बेलवा रसूलपुर, कटैला जैसे गांवों के ग्रामीणों से जनसंवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना।
उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों से भूमि अधिग्रहण, मुआवज़ा, तथा अन्य कानूनी प्रक्रियाओं को लेकर जानकारी ली और पारदर्शी तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अवर अभियंता सुभाष चन्द्र, सहायक अभियंता अनिल वर्मा, अमित नागवंशी, संजय बिंद, मनोज सिंह, राजू मिश्र सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
जनपदवासियों को उम्मीद है कि इस बाईपास के बन जाने से न केवल जाम से राहत मिलेगी, बल्कि आवागमन में भी सुविधा और क्षेत्रीय विकास को नई रफ्तार मिलेगी।
📍 रिपोर्ट: वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज, गाजीपुर


