A2Z सभी खबर सभी जिले कीTechnologyअन्य खबरेखरगोन

अभ्युदय विश्वविद्यालय का उद्घाटन, श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लें छात्र : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

अभ्युदय विश्वविद्यालय का उद्घाटन, श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लें छात्र : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

कपास और मिर्ची आधारित उद्योगों को सरकार से प्रोत्साहन, दुग्ध उत्पादन में 20 प्रतिशत वृद्धि का लक्ष्य

खरगोन, 02 अगस्त। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि छात्रों को भगवान श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेकर प्रेम, मित्रता और सेवा की भावना को अपनाना चाहिए। सीमित संसाधनों में सफलता पाने का श्रेष्ठ उदाहरण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, जो एक साधारण पृष्ठभूमि से तीन बार देश के प्रधानमंत्री और चार बार गुजरात के मुख्यमंत्री बने।

मुख्यमंत्री शनिवार को खरगोन में अभ्युदय विश्वविद्यालय के शुभारंभ और श्रीराम दरबार मंदिर के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि श्रीराम की संस्कृति को आत्मसात करना ही छात्रों के लिए अभ्युदय की अवस्था है।

डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार निमाड़ की कपास और मिर्ची आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए बड़े कदम उठा रही है। खाद्य प्रसंस्करण और टेक्सटाइल उद्योगों के लिए बिजली, पानी और जमीन सहित विभिन्न प्रोत्साहन और अनुदान दिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के लिए 25 से अधिक गायों पर 40 लाख रुपये के लोन पर 10 लाख रुपये का अनुदान दिया जाएगा। साथ ही गो-एंबुलेंस सेवा और गौशाला विकास योजनाएं भी चलाई जा रही हैं।

कार्यक्रम में युवा संवाद भी हुआ, जिसमें छात्रों ने मुख्यमंत्री से विकसित भारत 2047 की अवधारणा, आधुनिक कृषि और समय प्रबंधन को लेकर प्रश्न पूछे। मुख्यमंत्री ने युवाओं को अनुशासन, स्वास्थ्य और सतत अध्ययन को सफलता की कुंजी बताया।

अभ्युदय विश्वविद्यालय की स्थापना में मुख्यमंत्री डॉ. यादव का विशेष योगदान रहा है। कार्यक्रम में सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल, विधायक बालकृष्ण पाटीदार, सचिन बिरला, राजकुमार मेव, जिला पंचायत अध्यक्ष अनुबाई तंवर, नगर पालिका अध्यक्ष छाया जोशी सहित जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Back to top button
error: Content is protected !!