रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए बसों में फ्री यात्रा, सीएम योगी ने दिए निर्देश
रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए बसों में फ्री यात्रा, सीएम योगी ने दिए निर्देश
8 अगस्त सुबह 6 बजे से 10 अगस्त रात 12 बजे तक चलेगा अभियान
लखनऊ। रक्षाबंधन के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) और नगरीय बस सेवा की बसों में माताओं-बहनों को नि:शुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी। यह सुविधा 8 अगस्त की सुबह 6 बजे से शुरू होकर 10 अगस्त की रात 12 बजे तक उपलब्ध रहेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्व के दौरान नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में बसें चलाई जाएं ताकि किसी को कोई परेशानी न हो। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि नगरीय क्षेत्रों में कहीं भी ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। इसके लिए पुलिस-प्रशासन को सतर्क रहने को कहा गया है।
सीएम योगी ने राजमार्गों और अन्य प्रमुख मार्गों पर लगातार पेट्रोलिंग के भी निर्देश दिए हैं ताकि आमजन को सुगम और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं को अधिक से अधिक लाभ मिलना चाहिए, इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाए।
इस पहल से लाखों महिलाओं को रक्षाबंधन पर अपने भाइयों के पास जाने में राहत मिलेगी और उन्हें किसी तरह की यात्रा संबंधी आर्थिक चिंता नहीं करनी पड़ेगी।













