
गाजीपुर। दहेज के लिए प्रताड़ित कर घर से निकालने और फिर दूसरी शादी करने के मामले में पुलिस ने पति समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के आदेश पर शादियाबाद थाने में शुक्रवार शाम की गई। आरोपियों में पति, उसकी दूसरी पत्नी, सास-ससुर, देवर और दो ननदें शामिल हैं।
थानाध्यक्ष श्यामजी यादव ने बताया कि एसपी के आदेश पर मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
शादियाबाद थाना क्षेत्र के अब्बोपुर (कनुवान) निवासी पीड़िता होसिला यादव की तहरीर के अनुसार, उसकी शादी 30 अप्रैल 1996 को बहरियाबाद थाना क्षेत्र के वृंदावन चौखड़ा निवासी कुंदन प्रसाद से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ससुराल पक्ष ने कम दहेज लाने पर उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। पीड़िता का कहना है कि बाद में मांग पूरी भी की गई, लेकिन तब पता चला कि पति एसडीएम नहीं हैं, जबकि शादी से पहले ऐसा बताया गया था।
होसिला के अनुसार, पति ने खुद को यूपीएससी अभ्यर्थी बताया और अगली बार परीक्षा में सफल होने का भरोसा दिलाया। इस बीच वह ससुराल और मायके में रहकर पढ़ाई करती रहीं, लेकिन पति ने चंदौली की रहने वाली छाया नाम की महिला से दूसरी शादी कर ली।
पीड़िता ने महिला प्रकोष्ठ में शिकायत की, जहां पति ने दूसरी शादी न करने की बात कही और साथ रहने का आश्वासन दिया। लेकिन वह कभी उसे ससुराल नहीं ले गया। आरोप है कि दूसरी पत्नी से उसके तीन बच्चे भी हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।







