

नोनीहाट:दुमका-भागलपुर स्टेट हाईवे पर रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत अमरपूर गांव के समीप स्थित पुल के नीचे एक अज्ञात युवक का शव पानी में तैरता हुआ पाया गया। शव की पहली झलक पाते ही इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए इसकी सूचना रामगढ़ थाना को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही रामगढ़ थाना प्रभारी मनीष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके उपरांत शव को पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि “शव की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। प्रारंभिक दृष्टि से ऐसा प्रतीत होता है कि युवक की मौत पानी में डूबने से हुई है, लेकिन वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।”
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। फिलहाल, पूरे क्षेत्र में इस रहस्यमयी मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।




