A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेमध्यप्रदेश

निरंतर बरसात से घटिया सड़क निर्माण की पोल खुली

IMG 20250904 071915 694
मथेला मार्ग के बिखरते अवशेष सड़क के बीच गड्ढा
IMG 20250905 102154 284
विभागीय दस्तावेजों में पूर्ण सड़क की बाजू में मुरम भरते हुए मजदूर

बांगरदा (खरगोन) ग्राम बांगरदा को मुख्य शहरों से जोड़ने वाली सभी सड़के लोक निर्माण विभाग खंडवा के द्वारा निर्मित है। इन सड़कों का निर्माण लोक निर्माण विभाग खंडवा की निगरानी में हो रहा है। निर्माण के दौरान ही घटिया निर्माण के कारण सड़कों में गड्ढे होने लगे है। एवं सड़क दरकने लगी है। आक्रोशित ग्रामीणों ने घटिया सड़क निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय एजेंसी से जांच कराए जाने की मांग की है।
विगत दिनों कॉलमुखी- निमाड़खेड़ी – धनगांव मार्ग के विषय में मुख्यमंत्री जन सेवा में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
इस पर विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार मार्ग का निर्माण कार्य स्वीकृत प्रावधानों के अनुसार पूर्ण कर दिया गया है। एवं मार्ग परफॉर्मेंस गारंटी के अंतर्गत है। जबकि धरातल पर मार्ग का निरीक्षण करने पर देखा गया कि बांगड़ा एवं निमाड़ खेड़ी ग्रामों में सड़क निर्माण नहीं किया गया है। यह मार्ग बांगरदा एवं निमाड़खेड़ी के आंतरिक मार्गों को जोड़कर निकलता है। मार्ग निर्माण नहीं होने से बांगरदा एवं निमाड़ खेड़ी ग्रामों में मुख्य मार्ग आवागमन के योग्य नहीं है। मार्ग पर कीचड़ एवं गड्ढों का साम्राज्य हो गया है। वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। बांगरदा में भारत माता मंदिर से ग्राम के बाहर पुलिया तक मार्ग पूरी तरह जर्जर अवस्था में है। शराब दुकान के पास गड्ढों में पानी भरने से वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। निमाड़ खेड़ी में मुख्य सड़क का निर्माण नहीं किया गया है।
साथ ही रेलवे फाटक के समीप नाले पर पुलिया नहीं बनने से हल्की बरसात होने पर भी मार्ग बंद हो जाता है।
एक तरफ अभी तक सड़क का निर्माण धरातल पर अपूर्ण है। जबकि विभागीय दस्तावेजों में सड़क निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। अभी सड़क किनारे संकेतक लगाने का कार्य 2 सितंबर को मजदूरों द्वारा किया जा रहा था। निमाड़ खेड़ी -सुलगांव एवं निमाड़खेड़ी – बांगरदा के बीच में सड़क किनारे मुरम भरने का कार्य भी मजदूरों द्वारा अभी तक किया जा रहा है। नवनिर्मित सड़क कई स्थानों पर अभी से दरकने लगी है। लोक निर्माण विभाग खंडवा सड़क निर्माण की गुणवत्ता के प्रति इतना गंभीर है। इस मार्ग के निरीक्षण से अंदाजा लगाया जा सकता है।
मध्य प्रदेश सरकार द्वारा ग्रामीणों के सुलभ आवागमन हेतु सड़क निर्माण पर करोड़ों रुपए खर्च कर रही है परंतु विभागीय लापरवाहियों के कारण आम जन समुदाय में सरकार की छवि खराब हो रही है। मुख्यमंत्री जन सेवा (सीएम हेल्पलाइन) में दर्ज शिकायत पर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इस मार्ग का निरीक्षण पूर्व विधायक हितेंद्र सिंह सोलंकी ने अपने साथियों के साथ किया था। ग्राम पंचायत खेड़ी बुजुर्ग के पूर्व सरपंच शिवपाल सिंह मौर्य ने इस प्रतिनिधि को बताया कि शासन के करोड़ों खर्च करने के बाद भी विभागीय लापरवाहियों के कारण समुदाय को आगमन सुविधा नहीं मिल पा रही है। आपने सड़क निर्माण कार्य की जांच उच्च स्तरीय जांच एजेंसी से कराने की मांग मध्य प्रदेश शासन भोपाल से की है।
आपने कहा कि निमाड़खेड़ी -मथेला सड़क निर्माण बहुत ही घटिया स्तर पर किया गया है। पहली बरसात में ही सड़क को गड्ढों से युक्त हो गई है। इस मार्ग पर निमाड़खेड़ी के समीप जल निकासी के अभाव में बहुत बड़ा गड्ढा हो गया है। एवं उसमें कीचड़ एवं पानी भर गया है। जिसके कारण दो पहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं।
:- रामेश्वर फूलकर पत्रकार बांगरदा

Back to top button
error: Content is protected !!