

कालांवाली में हुआ महारक्तदान अमृत महोत्सव 2.0 – सैकड़ों ने किया जीवनदान का संकल्प
रिपोर्टर इन्द्र जीत
लोकेशन कालावाली
कालांवाली के तेरापंथ जैन भवन में बुधवार को एक ऐतिहासिक दृश्य देखने को मिला। मौका था महारक्तदान अमृत महोत्सव 2.0 का, जिसे अभातेयुप एवं भारत सरकार के संयुक्त प्रयास से मनाया जा रहा है। इस भव्य आयोजन का नेतृत्व तेरापंथ युवक परिषद और भारत विकास परिषद शाखा कालांवाली ने किया।
शिविर का शुभारंभ उपमंडल अधिकारी मोहित कुमार, नगरपालिका अध्यक्ष महेश झोरड़ और गणमान्य व्यक्तियों ने किया। अतिथियों का स्वागत पारंपरिक ढंग से किया गया। खास बात यह रही कि मंच पर भाषण देने तक सीमित न रहते हुए, स्वयं एसडीएम मोहित कुमार और हरियाणा पुलिस की PCR 112 के जवानों ने रक्तदान करके मिसाल पेश की।
पूर्व भाविप अध्यक्ष एवं अभातेयुप कार्यसमिति सदस्य एडवोकेट अरुण गर्ग ने जानकारी दी कि इस महोत्सव के तहत भारत समेत विश्व के 60 देशों में लगभग 8,000 रक्तदान शिविर लगाए जा रहे हैं और करीब 3 लाख यूनिट रक्त एकत्रित करने का लक्ष्य है। उन्होंने सभी से अग्रिम पंजीकरण कर अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने की अपील की।
शिविर में माहौल एकदम उत्सव जैसा था। कोई रक्तदान के बाद गर्व से मुस्कुरा रहा था, तो कोई अपने दोस्तों को प्रेरित कर कतार में खड़ा करवा रहा था। ऐसा लग रहा था मानो पूरा कालांवाली एकजुट होकर “रक्तदान – महादान” का संदेश दुनिया को दे रहा हो।
इस मौके पर एडवोकेट दिग्गज बांसल, तुषार, पार्षद सुखजिंदर बबली, सिकंदर वाहिया, सुनील बूमरा, मंगत नागर सहित कई समाजसेवी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।




