
गालापुर महाकाली मंदिर में सवा तीन लाख दीप जले
शारदीय नवरात्रि पर हुआ भव्य दीपोत्सव महोत्सव
शारदीय नवरात्रि की पंचमी तिथि पर शनिवार को गालापुर महाकाली मंदिर परिसर में दिव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। धर्म रक्षा मंच के तत्वावधान में हुए इस ऐतिहासिक आयोजन में सवा तीन लाख से अधिक स्वदेशी मिट्टी के दीप जलाकर मंदिर परिसर को आलोकित किया गया। 
कार्यक्रम का शुभारंभ धर्म रक्षा मंच के मुख्य संरक्षक और हिन्दू युवा वाहिनी के प्रदेश प्रभारी राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने मां महाकाली की आरती कर पहला दीप जलाकर किया। इस
अवसर पर एसडीएम राजेश कुमार, तहसीलदार रविकुमार यादव, मंदिर व्यवस्थापक ठाकुर प्रसाद मिश्रा, विनोद बाबा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

इस वर्ष दीपोत्सव में कुल सवा तीन लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए। इनमें धर्म रक्षा मंच की ओर से सवा लाख दीप जलाए गए, जबकि श्रद्धालुओं ने दो लाख से अधिक दीपक जलाकर दीपदान किया। विशेष रूप से 2100 दीप गाय के गोबर से बने थे, वहीं महिलाओं द्वारा स्वयं कच्ची मिट्टी से 5100 दीपक बनाकर जलाए गए। मंदिर परिसर को रंगोलियों और धार्मिक प्रतीकों जैसे स्वास्तिक, ओम, चरण पादुका व जय माता दी से सजाया गया था।
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और चिकित्सकों की टीम हाई अलर्ट पर रही। प्रशासन की ओर से निशुल्क मेडिकल कैंप भी लगाया गया।राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि दीपोत्सव केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं ने जाति-पांत से ऊपर उठकर एक साथ दीपदान कर समाज में एकता का संदेश दिया। विधायक श्यामधनी राही ने दीपोत्सव को अंधकार पर प्रकाश की विजय बताते हुए इसकी आध्यात्मिक महत्ता पर जोर दिया।
इस दौरान लवकुश ओझा, डा. दशरथ चौधरी, हरिशंकर सिंह, चंद्र प्रकाश उर्फ चंदू चौधरी, धर्मराज वर्मा, मधुसूदन अग्रहरि, दिलीप उर्फ छोटे पाण्डेय, लालजी शुक्ला, राजन अग्रहरि, शत्रुहन सोनी, बब्बू पाठक, रघुनंदन पाण्डेय, अजय अग्रहरि, प्रेम पाण्डेय, धर्मेश पाण्डेय, हरीश पाण्डेय, डम्पू पाण्डेय, अभिषेक युवराज हरी सिंह, पप्पू सिंह, बब्बू सिंह और संजीव सिंह सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।













