
दलितों, वंचितों और गरीबों के मसीहा थे मान्यवर कांशीराम
न्याय, समानता और सशक्तिकरण के प्रतीक को दी गई श्रद्धांजलि — सोनभद्र बार एसोसिएशन में मनाई गई पुण्यतिथि
सोनभद्र, (राकेश कुमार कन्नौजिया)_
डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सोनभद्र के सचिवालय में गुरुवार को संगठन के अध्यक्ष जगजीवन सिंह एडवोकेट की अध्यक्षता एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष पवन कुमार सिंह एडवोकेट के संचालन में बहुजन समाज के प्रणेता मान्यवर कांशीराम जी की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने मान्यवर कांशीराम जी के जीवन, उनके संघर्षों और समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए किए गए योगदान को भावपूर्ण शब्दों में याद किया।
अध्यक्ष जगजीवन सिंह एडवोकेट ने कहा कि “कांशीराम जी का जीवन समानता और न्याय का प्रतीक है। उन्होंने यह सिखाया कि सामाजिक न्याय केवल राजनीति का विषय नहीं, बल्कि समाज में समरसता और सशक्तिकरण का मार्ग है। उनका संघर्ष हमें प्रेरित करता है कि दलित, पिछड़े और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए निरंतर प्रयास करना ही सच्चा नेतृत्व है।”
पूर्व अध्यक्ष श्याम बिहारी यादव एडवोकेट ने कहा कि “कांशीराम जी का जीवन परिवर्तन और समाज सुधार की प्रेरणा देता है। साहस, संघर्ष और समर्पण उनकी सबसे बड़ी पूंजी थी। उनके विचार आज भी दलित और पिछड़े वर्ग के उत्थान और समान अवसर की लड़ाई में मार्गदर्शक बने हुए हैं।”
उन्होंने कहा कि कांशीराम जी की पुण्यतिथि हमें यह संदेश देती है कि न्याय, समानता और शिक्षा के बिना सशक्त समाज की कल्पना अधूरी है।
इस अवसर पर राजेश कुमार मौर्य, राजेश कुमार यादव, राजकुमार सिंह पटेल, सत्यनारायण यादव, मार्तंड पटेल, दशरथ यादव, बीपी सिंह, टीटू गुप्ता, अभिषेक सिंह, अविनाश, आकृति निर्भया, गीता गौर, सुरेश सिंह सहित अनेक अधिवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।












