
गाजीपुर। रविवार को रामपुर मांझा थाना पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹25 हजार के इनामी बदमाश सोनू चौधरी को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया। उस पर ₹5.45 लाख की लूट का आरोप था।

पुलिस ने मौके से ₹60 हजार नकद, एक .315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल बदमाश को इलाज के लिए सीएचसी देवकली भेजा गया।
यह कार्रवाई थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार पांडेय व उनकी टीम द्वारा मिशन शक्ति 5.0 और आगामी त्योहारों को देखते हुए चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लूट में वांछित आरोपी जेवल से पियरी की ओर जा रहा है।
पुलिस ने रद्दीपुर गांव के पास घेराबंदी की। इस दौरान आरोपी ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में बदमाश सोनू चौधरी के पैर में गोली लग गई।
गिरफ्तार सोनू चौधरी सरौली, थाना करंडा, जनपद गाजीपुर का निवासी है। उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट, एससी/एसटी एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में चार मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने इस घटना में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
📰 रिपोर्ट: गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर
📍 थाना रामपुर मांझा, जनपद गाजीपुर











